श्रीनगर। श्रीकोट गंगानाली के भैरवनाथ मोहल्ला, तिवाड़ी मोहल्ला व नागरजा सैण में व्याप्त पेयजल समस्या से परेशान महिलाओं का गुस्सा जल संस्थान दफ्तर पर फूटा। उन्होंने सहायक अभियंता (एई) का घेराव कर समस्या का समाधान न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को जल संस्थान कार्यालय श्रीनगर पहुंची महिलाओं ने जल संस्थान के सहायक अभियंता को पेयजल समस्या से अवगत करवाया। कहा कि एक माह से भैरव नाथ मोहल्ला, तिवाड़ी मोहल्ला व नागरजा सैण में पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। महिलाओं ने बताया कि एक सप्ताह से उक्त मोहल्लों के कई घरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे वह हैंड पंप व अकलनंदा नदी से पानी ढोकर प्यास बुझा रहे है। जल संस्थान के सहायक अभियंता ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए महिलाओं को बुधवार तक का समय दिया, जिसके बाद महिलाएं शांत हुई। आक्रोशित महिलाओं ने शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू न किए जाने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर सुमेदा नेगी, पुष्पा, विमला, चंदनी, शकुंतला, हेमलता, गीता, लक्ष्मी, कुसुम, गुड्डी, विधाता रावत व विजय सिंह आदि मौजूद थे।
--एनएच पर विद्युत लाइन बदलने का काम चलने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। जिस कारण पंप नियमित नहीं चल पा रहे है। कृष्णकांत, सहायक अभियंता जल संस्थान श्रीनगर।