श्रीनगर। एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति डा. हेम चंद्र पांडे ने मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने कॉलेज की फैकल्टी और कर्मचारियों के संबंध में सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
मंगलवार को चिकित्सा विवि के कुलपति डा. पांडे यहां पहुंचे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत और अस्पताल के कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डा. सतीश कुमार के साथ उन्होंने कॉलेज और अस्पताल के विभिन्न वार्डों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने संकाय सदस्यों (फैकल्टी) की बैठक ली। मौके पर प्राचार्य ने मेडिकल कॉलेज की समस्याओं के निराकरण के लिए नौ सूत्री मांगपत्र पढ़ा। उन्होंने समस्त संकाय सदस्यों व कर्मचारियों को नियमित करने, पहाड़ की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए 30 फीसदी अतिरिक्त वेतन दिए जाने आदि की मांग की। उन्होंने कुलपति को अस्पताल में खराब उपकरणों को बदले जाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि पहाड़ की 22 लाख से ऊपर की आबादी को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने वाले संस्थान में चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी है। कुलपति ने कहा कि फैकल्टी के प्रमोशन के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। जल्दी नियमित फैकल्टी की तैनाती होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपकरणों के नवीनकरण के संबंध में कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर प्रो. दौलत सिंह, प्रो. बेअंत सिंह और प्रो. विमल गुुसांई आदि मौजूद थे।