ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इनमें से कुछ निर्दलीय प्रत्याशी ऐसे भी हैं, जोकि चुनाव चिह्न को किस्मत के रूप में देख रहे हैं। चुनाव चिह्न लेने के लिए इन प्रत्याशियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। कई प्रत्याशी मनपसंद चुनाव चिह्न पाने में सफल भी रहे। खैर, प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला तो मतदाताओं को करना है, लेकिन प्रत्याशियों को कहीं न कहीं अपने पसंदीदा चुनाव चिह्न पर जीत का भरोसा है।
इस बार प्रत्याशियों ने गैस सिलिंडर पर अधिक भरोसा जताया है। हरर्बटपुर से सभासद पद पर सात प्रत्याशियों ने अपना चुनाव चिह्न गैस सिलिंडर लिया है। सोमवार को तहसील में चुनाव चिह्न लेते समय निर्दलीय प्रत्याशियों की डिमांड गैस सिलिंडर ही रहा। गैस सिलिंडर चुनाव चिह्न की मारामारी के चलते रिटर्निंग ऑफिसर को लॉटरी सिस्टम से चुनाव चिह्न आबंटित करना पड़ा।
-----
बस है रोजीरोटी, तो चुनाव चिह्न लिया बस
हरर्बटपुर से अध्यक्ष पद की निर्दलीय उम्मीदवार अनिता शर्मा ने चुनाव चिह्न बस लिया है, क्योंकि उनका बस का कारोबार है। इसलिए बस को चुनाव चिह्न के रूप में लिया है। अनिता शर्मा ने कहा कि जिस रोजगार से रोजीरोटी चलती है, उसका हमेशा सम्मान करना चाहिए।
----
पिछला चुनाव गैस सिलिंडर से जीतीं इस बार भी लिया
हरर्बटपुर से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही निर्दलीय उम्मीदवार वीना शर्मा ने बताया कि पिछले साल उन्होंने गैस सिलिंडर के चुनाव चिह्न पर ही चुनाव जीता था और अध्यक्ष बनी थीं। इसलिए इस बार भी उन्होंने गैस सिलिंडर को ही चुनाव चिह्न बनाया है।
------
वार्ड नंबर 7 में भाजपा को नहीं मिला दावेदार
विकासनगर। नगर निकाय चुनाव में हरर्बटपुर के सभासद पद के चुनाव के लिए भाजपा को वार्ड नंबर 7 से कोई प्रत्याशी ही नहीं मिल पाया। ऐसे में इस सीट पर कांग्रेस और निर्दलीय के बीच मुकाबला होना है। जिले में शायद ही यह ऐसा वार्ड होगा, जहां पर भाजपा को उम्मीदवार ही नहीं मिल पाया है। बताया जा रहा है कि इस वार्ड से भाजपा के उम्मीदवार जर्नादन जोशी टिकट के लिए जद्दोजहद में लगे थे, लेकिन विवाद के चलते उन्हें टिकट नहीं मिल पाया। ऐसे में वह बागी होकर सभासद पद के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। जिला महामंत्री अरुण मित्तल ने बताया कि वार्ड में विवादित स्थिति बनी हुई थी, जिसके कारण टिकट नहीं दी गई। जर्नादन जोशी और नीरज थापा भाजपा से जुड़े रहे हैं। जो भी प्रत्याशी चुनाव जीतेगा उसे भाजपा अपना सभासद बनाएगी।