श्रीनगर। गढ़वाल विवि से संबद्ध निजी व सहायता प्राप्त संस्थानों में सीबीसीएस (च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम) के तहत प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर रास्ता साफ हो गया है। विवि ने 119 संस्थानों के छात्रों के लिए प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 5 नवंबर घोषित कर दी है.
इस शिक्षा सत्र में गढ़वाल विवि से 52 राजकीय महाविद्यालय असंबद्ध हो चुके हैं। अब गढ़वाल विवि से करीब 119 निजी व सहायता प्राप्त संस्थान ही संबद्ध हैं। पूर्व में संबद्धता की स्थिति स्पष्ट न होने से गढ़वाल विवि प्रशासन इन संस्थानों में अध्ययनरत प्रथम सेमेस्टर के छात्रों से परीक्षा आवेदन पत्र नहीं भरा पाया था। सीबीसीएस के तहत प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा नवंबर या दिसंबर माह में होनी है। सोमवार को कुलपति के अनुमोदन पर विवि प्रशासन ने इन सभी संस्थानों के छात्रों से प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए आवेदन पत्र भरवाने की तिथि घोषित कर दी है। इस संबंध में कुलसचिव कार्यालय से विज्ञप्ति जारी की गई है। विज्ञप्ति के अनुसार विवि प्रशासन ने यह निर्णय छात्र हित को देखते हुए कार्यपरिषद से स्वीकृति की प्रत्याशा में लिया है। विज्ञप्ति में कहा गया है, कि शिक्षा सत्र 2017-18 में गढ़वाल विवि से संबद्ध संस्थानों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में जो सीटें निर्धारित थी। वर्ष 2018-19 में भी उन्हीं पाठ्यक्रमों व निर्धारित सीटों पर ही परीक्षा आवेदन पत्र भरने की अनुमति प्रदान की जाती है। हालांकि परीक्षा परिणाम कार्य परिषद से स्वीकृति मिलने के बाद ही घोषित किया जाएगा। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 5 नवंबर निर्धारित की गई है। परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन भरे जाएंगे। विवि प्रशासन के इस निर्णय से संबद्ध संस्थानों व उनमें अध्ययनरत छात्रों ने राहत की सांस ली है।