ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई। द इंडियन पब्लिक स्कूल राजावाला चल रहे तीन दिवसीय 18वें स्थापना दिवस का रविवार को समापन हुआ। मुख्य अतिथि रणवीर सिंह सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सुबह 11 बजे से विद्यालय में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया। साथ ही अध्यापक एवं अभिभावक सभा का आयोजन भी हुआ।
विद्यालय परिसर में दोपहर 2 बजे से घुड़सवार छात्रों ने अनेक करतब दिखा कर दर्शकों का मन मोह लिया। शाम 6 बजे राष्ट्रगान, दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के सम्मान के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। बच्चों ने स्वागत गीत, नृत्य नाटिका ‘शिवाय’, उत्तराखंड के लोक नृत्य, विक्रम सेठ द्वारा रचित ‘द टेल ऑफ मेलन सिटी’, अंग्रेजी नाटक और ‘पैड पेपर ऑफ हेमलिन’ का मंचन किया। 2018 में उत्तीर्ण कक्षा बारह के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन आरके सिन्हा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद एवं विद्यालय के चेयरमैन रवींद्र किशोर सिन्हा, विद्यालय समिति के सदस्य यूसी पांडेय, हरदीप सिकंद, एसके गुप्ता, निदेशक अजय कुमार सिंह, प्रधानचार्य संजीव कुमार सिन्हा, अभिभावक, शिक्षक और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।