ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी समिति में हिस्सा लेने के लिए पांच नवंबर को लंदन के लिए रवाना होंगे। वे वहां राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) की अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी समिति की बैठक में शामिल होंगे।
विस अध्यक्ष के विशेष कार्य अधिकारी ताजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बैठक के लिए उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष को बतौर सदस्य नामित किया गया है। इंडिया रीजन से अन्य दो क्षेत्रीय प्रतिनिधि सांसद वरुण गांधी, आसाम के विधानसभा अध्यक्ष हितेंद्र नाथ भी सीपीए कार्यकारी समिति के सदस्य हैं। लंदन में नौ नवंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की कार्यकारी समिति की बैठक में विगत वर्ष की रिपोर्ट के साथ-साथ सीपीए के आगामी बजट पर विचार विमर्श कर अनुमोदित किया जाना है। बैठक के दौरान लोकतंत्र के क्या मानक स्थापित होने चाहिए व संशोधित मानकों पर विचार विमर्श और अनुमोदन किया जाएगा।