ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
श्यामपुर। मालवीय नगर में शुक्रवार शाम क्षेत्र निवासी ठेकदार शांति कपरूवान (60) को एक बेकाबू कार ने कुचल दिया। दुर्घटना में कपरूवान की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक गीतानगर निवासी ठेकेदार शांति कपरूवान शुक्रवार को अपने घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान मालवीय नगर हाइवे के पास बालभारती स्कूल के सामने ऋषिकेश की तरफ जा रही एक बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी अख्तर अहमद के मुताबिक टक्कर के बाद कपरूवान सड़क पर उछल कर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और सामने एक दुकान में घुस गई। हालांकि हादसे में कोई चपेट में नहीं आया, लेकिन सामने से आ रहे दो दुपहिया वाहन सवार दुर्घटना में जख्मी हो गए। इसके स्थानीय लोगों के मदद से कपरूवान को उठाया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया। हालांकि मौके पर पहुंची आईडीपीएल पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। चौकी इंचार्ज आरएस कपरूवान ने बताया कि ठेकेदार शांति कपरूवान की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में एक स्कूटी व बुलेट वाला मामूली रूप से चोटिल हुआ है। कार आयकर विभाग श्रीनगर की है। कार को कब्जे में लेकर चौकी लाया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।