ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन आने वाले दिनों में कई बुनियादी सुविधाओं से युक्त होने वाला है। कोशिश हो रही है कि रेलवे स्टेशन परिसर में ही बस अड्डा और टैक्सी स्टैंड की स्थापना भी जाए। इस संदर्भ में भौगोलिक निरीक्षण करने बृहस्पतिवार को गढ़वाल मंडल के मंडलायुक्त शैलेष बगौली पहुंचे थे।
मंडलायुक्त ने इस दौरान कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया और संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने बताया कि हमारी योजना है कि हमारी योजना है कि नए रेलवे स्टेशन परिसर को मल्टी फैसेलिटी प्लेस के तौर पर विकसित किया जाए। अभी यह योजना प्रारंभिक स्थिति में है। भौतिक निरीक्षण कर लिया गया है। अब तकनीकी पक्ष पर गौर किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन को पहाड़ की संस्कृति के अनुरूप ढालने को प्राथमिकता दी जाएगी। कोशिश होगी कि ऋषिकेश को यातायात के सभी माध्यमों से जोड़कर पर्यटन हब के रूप में स्थापित किया जाए। रेलवे स्टेशन विकसित होने के बाद न सिर्फ रेलगाड़ियों की संख्या में इजाफा होगा बल्कि एक ही जगह से अन्यत्र जाने के लिए यात्रा साधनों की सुविधा भी सुलभ होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 तक रेलवे स्टेशन को पूरी तरह सुसज्जित करने का लक्ष्य है।