ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
आंकड़ों के मुताबिक मेयर पद की निर्दलीय प्रत्याशी चारू कोठारी संपत्ति के मामले में प्रतिद्वंद्वियों से अव्वल हैं। पति भगतराम कोठारी के साथ संयुक्त अचल संपत्तियों की कीमत करीब 21 करोड़ दर्शाई गई है। इसके अलावा विभिन्न वित्तीय संस्थाओं में बकाएदारी भी 16 करोड़ 26 लाख 4452 रुपये बताई है।
नगर निगम में मेयर पद के दावेदारों में कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों के पास जेवरात और नकदी सहित अचल संपत्तियों का ब्योरा जोड़ दिया जाए तो प्रतिद्वंद्वी कहीं नहीं ठहरते। कांग्रेस की ओर से मेयर प्रत्याशी लक्ष्मी सजवाण के पास नकदी के रूप में 20 हजार जबकि बैंक में जमा राशि भी इतनी ही है। लक्ष्मी के पास भविष्य निधि के नाम पर एलआईसी की चार पॉलिसी और 75 हजार के जेवरात हैं। पति ज्योति सजवाण के पास भी नकदी के तौर पर 25 हजार और जमा राशि पांच लाख रुपये दर्शाई गई है। इसके अलावा 30 हजार के जेवर हैं। आर्थिक रूप से मेयर के सबसे कमजोर दावेदारों में वीना शर्मा और अनीता ममगाईं दस्तावेजों में दिखी हैं। अनीता ममगाईं की मासिक आय करीब 57 हजार और नकद के रूप में 42 हजार है। पति हेतराम ममगाईं के पास 45 हजार की नकद पूंजी है। दंपति के संयुक्त खाते में एक लाख 40 हजार रुपये जमा राशि दिखाई गई है। अनीता ममगाईं के पास 10 लाख और उनके पति के पास 60 हजार के जेवरात हैं।