कर्णप्रयाग/उत्तरकाशी। सदा शिव रामलीला कमेटी कर्णप्रयाग की ओर से आयोजित रामलीला के चौथे दिन राम वनवास का मंचन किया गया।
रामलीला में राजा दशरथ राम के राज्याभिषेक का निर्णय लेते हैं। तब दासी मंथरा महारानी कैकेयी के पास जाकर उनको भड़काती हैं। मंथरा कैकेयी से राम को वनवास और भरत को अयोध्या का राजा बनाने को कहती है। इसके बाद कैकेयी कोप भवन में चली जाती हैं। दशरथ कैकेयी से क्रोधित होने का कारण पूछते हैं तो कैकेयी राम को 14 वर्ष का वनवास और भरत को अयोध्या का राजा बनाने का वरदान मांगती हैं। राजा दशरथ कैकेयी को समझाने का प्रयास करते हैं, लेकिन वह नहीं मानतीं। तब श्री राम माता-पिता की आज्ञा को शिरोधार्य कर सीता और लक्ष्मण के साथ वन गमन करते हैं। इस मौके पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कांति प्रसाद डिमरी, आदित्य राम बहुगुणा, दिनेश मैखुरी, सरदार संत सिंह और दिनेश बहुगुणा आदि मौजूद थे।
उत्तरकाशी के भटवाड़ी ब्लाक में आयोजित रामलीला में मंथरा कैकेयी संवाद आदि दृश्यों का मंचन किया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक रामलीला देखने पहुंच रहे हैं। भाष्करेश्वर रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में मंथरा कैकेयी को पूर्व में राजा दशरथ की ओर से दिए गए वचन की याद दिलाते हुए भरत के लिए अयोध्या का राजपाट और राम के लिए वनवास मांगने के लिए उकसाती है। राम के पात्र अनिल नौटियाल, कैकेयी पवन नौटियाल, लक्ष्मण विनोद नौटियाल, दशरथ प्रीतम रावत आदि कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। बतौर मुख्य अतिथि जगमोहन रावत ने कलाकारों का उत्साहवर्द्धन किया। रामलीला का निर्देशन जयंती प्रसाद नौटियाल कर रहे हैं, जबकि संगीत भगवती प्रसाद नौटियाल एवं दिव्यांश रतूड़ी दे रहे हैं। इस मौके पर राजेश रतूड़ी, ललित नौटियाल, संजय सेमवाल, सुबोध सेमवाल, सुनील रतूड़ी आदि अनेक लोग मौजूद रहे।
रावण वध के बाद श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा पांडाल
पीपलकोटी/गोपेश्वर। ज्योति क्लब पीपलकोटी की ओर से आयोजित रामलीला के अंतिम दिन राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए अंतिम दिन दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बृहस्पतिवार को रामलीला का शुभारंभ बिरही गंगा पावर परियोजना के प्रबंधक हरीश डंगवाल ने किया।
रामलीला में वैद्यराज के इलाज के बाद लक्ष्मण की मूर्छा समाप्त हो जाती है। इसके बाद राम वानर सेना के साथ रावण से युद्ध करने जाते हैं। युद्ध में श्रीराम रावण का वध कर देते हैं। इसी के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत के दौरान पांडाल श्रीराम के जयकारों से गूंज उठता है। इस मौके पर राजेंद्र हटवाल, रोबिन पंवार, दीपक पंत, कुशलानंद सती, महावीर राणा, ललित शाह, मनोज, अशोक, सोनिया भट्ट, मोनिका पंवार, अजय शाह, रितिक राणा, बृजेश शाह और सुदर्शन आदि मौजूद थे। वहीं, सैकोट गांव में आयोजित रामलीला में राम वनवास का मंचन किया गया।