कर्णप्रयाग। जीआईसी कर्णप्रयाग में वॉर मेमोरियल शताब्दी समारोह समिति की ओर से यहां कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्नल जेपी नौनी (सेनि) ने अपनी पत्नी जयंती नौनी की 69वीं जयंती पर पुत्र कर्नल तरुण नौनी के साथ विद्यालय में स्मार्ट क्लासेस का शुभारंभ किया। साथ ही 203 छात्रों को यूनिफार्म कोट और 32 शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कोट बांटे।
कार्यक्रम में विक्टोरिया क्रॉस स्व. दरवान सिंह नेगी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए कर्नल जेपी नौनी (सेनि) ने कहा कि वीसी दरवान सिंह नेगी की ओर से स्थापित जीआईसी कर्णप्रयाग एतिहासिक महत्व का विद्यालय है। उन्होंने विद्यालय की प्रगति के लिए हरसंभव मदद करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष विद्यालय के खेलकूद प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले छात्र को उत्कृष्ट खिलाड़ी का पुरस्कार दिया जाएगा। शताब्दी वर्ष समिति के अध्यक्ष हरीश पुजारी, समिति के सचिव भुवन नौटियाल ने 26 अक्तूबर से होने वाले चार दिवसीय शताब्दी समारोह के बारे में बताया। इस दौरान छात्रों ने हम करेंगे आपका अभिनंदन..., जो जस देणु ह्वे जैई, मेरू गढ़ देश है.. आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रवक्ता रवि दर्शन तोपाल के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य वीरपाल सिंह रावत, सुभाष गैरोला, राजेंद्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह तोपाल, ज्योति कांडपाल, आरएल आर्य, अशोक कोठियाल, अधिवक्ता जेपी सेमवाल, सविता सेमवाल आदि मौजूद थे।