देवाल। थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह ने सोमवार को कुलिंग पहुंचकर लोहाजंग-वाण मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान वाण के ग्रामीणों ने 8 किमी पैदल चलकर कुलिंग में विधायक को सड़क बंद होने की समस्या बताई। साथ ही छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक सड़क बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बंद होने से गांवों में होने वाली नकदी फसलें बाजार तक नहीं आ पा रही हैं। खेतों में ही फसलें खराब हो रही है।
15 जुलाई को हुई भारी बारिश से लोहाजंग-वाण मोटर मार्ग का कुलिंग से आगे करीब 300 मीटर हिस्सा बह गया था। लोनिवि डेढ़ माह से यहां सड़क निर्माण कर रहा है, लेकिन अभी तक महज 50 मीटर सड़क ही बन पाई है। सोमवार को विधायक मुन्नी देवी शाह ने कुलिंग पहुंचकर पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। विधायक के यहां पहुंचने की सूचना पर वाण के ग्रामीण आठ किमी पैदल चलकर कुलिंग पहुंचे। वाण के प्रधान खीमी राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा पहाड़ी, कृष्णा बिष्ट, पान सिंह आदि ने कहा कि सड़क बंद होने से यदि कोई किसान अपनी फसलें बाजार लाने का प्रयास भी कर रहा है तो भाड़ा करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को नुकसान ही हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि लोनिवि जिस गति से काम कर रहा है उससे यह मार्ग छह माह में बनेगा। ग्रामीणों ने जल्द वाण तक छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग की। मुन्नी देवी शाह ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता विजय कुमार को काम में तेजी लाने के साथ ही वैकल्पिक मार्ग के लिए सर्वे करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, कमलेश सती, व्यापार संघ देवाल के अध्यक्ष केडी मिश्रा, दीपा जोशी, हीरा बुग्याली, प्रधान खीमी राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा पहाड़ी और कृष्णा बिष्ट आदि मौजूद थे।