फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोपालदास ने हरिद्वार प्रशासन के खिलाफ हाईकोर्ट को भेज पत्र

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। अविरल गंगा के लिए संकल्पबद्घ संत गोपालदास को एम्स से देर रात पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करने के बाद पत्राचारों का नया दौर फिर से शुरू हो गया है। गोपालदास ने नैनीताल हाईकोर्ट को पत्र भेजकर हरिद्वार प्रशासन के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि अफसर उन्हें अनावश्यक रूप से इधर से उधर भेज रहे हैं। पत्र में उन्होंने मुख्य न्यायाधीश से कहा है कि अविरल गंगा की मांग के चलते उन्हें परेशान किया जा रहा है। जबरन एलोपैथिक दवाएं दी जा रही हैं, जोकि अब बर्दाश्त नहीं हो रही हैं।
विज्ञापन

उन्होंने कहा है कि बार-बार लिखित आग्रह के बावजूद आयुर्वेद, होम्योपैथ, यूनानी की चिकित्सा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। कहा कि हिमालय जोन में हो रहा प्रकृति विरोधी विकास खतरे की घंटी है। उन्होंने गंगत्व के लिए संघर्षरत रहे स्वामी सानंद की मौत को रहस्यमयी बताते हुए कोर्ट के दखल की भी मांग की है। पत्र में मुख्य न्यायधीश को मातृ सदन में आमंत्रित भी किया है जिससे वह गंगा के संरक्षण को लेकर हो रहे सत्याग्रह का संज्ञान ले सकें। दूसरी ओर उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ को भी अर्जी दी है कि उन्हें एम्स दिल्ली के लिए रेफर कर दिया जाए।

पश्चाताप करना है तो एक्ट लागू
संत गोपालदास ने प्रधानमंत्री को भी पत्र भेजा है। उन्होंने पत्र में तल्ख भाषा का प्रयोग किया है। कहा है कि यदि स्वामी सानंद के बलिदान पर पश्चाताप करना है तो गंगत्व को संरक्षित करने वाला एक्ट लागू करें। फर्जी के ट्वीट से काम नहीं चलेगा। स्वामी सानंद की मौत से राष्ट्र की क्षति हुई है। देश का प्रधान सेवक होने के नाते गंगा अध्यादेश लागू करें। ऐसा नहीं हो पा रहा है तो डिजिटल इंडिया पर आपका घड़ियाली आंसू बहाना व्यर्थ है।
विज्ञापन


एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त पर बयान अलग अलग
ऋषिकेश। गोपाल दास को एम्स से पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय एंबुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त की सूचना से काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। जानकारी की पुष्टि के लिए जब एम्स पीआरओ हरीश कुमार थपलियाल से बात की गई तो उन्होंने ऐसी किसी घटना से इनकार किया। उधर, गोपाल दास के साथ पीजीआई जा रहे चिकित्सकों में से एक डॉ. अरनव से देर रात बात हुई तो उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट हुआ है, लेकिन हमारे एंबुलेंस का नहीं है। दूसरी गाड़ी थी जोकि ट्रक से लड़ी है और उसका हेडलैंप टूटा है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह गोपाल दास के सहयोगी बब्लू ने दुर्घटना की फोटो भेजी है, जिसमें उनकी एंबुलेंस का हेडलैंप टूटा हुआ दर्शाया गया है। बब्लू का कहना है कि हम बृहस्पतिवार की देर रात करीब 1:30 पर पीजीआई पहुंचे। रास्ते में हमारी एंबुलेंस ट्रक से टकराई थी। इस घटना में गोपालदास की कमर में चोटें भी आई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें