कर्णप्रयाग/रुद्रप्रयाग। 18 नवंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
बृहस्पतिवार को कर्णप्रयाग और गौचर दोनों निकायों में एक अध्यक्ष सहित 12 सभासद के उम्मीदवारों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। कर्णप्रयाग और गौचर में अध्यक्ष पद सहित सात-सात वार्ड में सभासदों के चुनाव होने हैं। निर्वाचन अधिकारी जीआर बिनवाल, रजिस्ट्रार कानून गो राकेश पल्लव ने बताया कि कर्णप्रयाग में एक अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सहित आठ सभासद के उम्मीदवारों ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। गौचर के लिए चार वार्ड सभासदों के दावेदारों ने प्रपत्र खरीदे।
वहीं रुद्रप्रयाग में नगर पालिका रुद्रप्रयाग सहित तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि और ऊखीमठ नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 11 और सदस्य पद के लिए 17 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई। आरओ ने बताया कि रुद्रप्रयाग नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए 2 और सदस्यों के लिए 10 फार्म बिके। उधर, नगर पंचायत अगस्त्यमुनि में अध्यक्ष के लिए 2 और सदस्य के लिए 6, तिलवाड़ा में अध्यक्ष के लिए 7 और सदस्य के लिए 1 फार्म बिका।
अध्यक्ष पर 48 और सभासद पर 87 आवेदन बिके
नई टिहरी। जिले के कुल दस नगर निकाय के अध्यक्ष पद के लिए 48 और सभासद के लिए 87 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी चुनावालय आरके वर्मा ने बताया कि नई टिहरी नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए नौ और सभासद 18, चंबा में अध्यक्ष पर छह और सभासद 10, नरेंद्रनगर अध्यक्ष तीन और सभासद चार, मुनिकीरेती में अध्यक्ष पांच और सभासद 24, देवप्रयाग में अध्यक्ष पर तीन और सभासद चार, नगर पंचायत कीर्तिनगर में अध्यक्ष पर नौ और सभासद नौ, घनसाली में अध्यक्ष पर छह और सभासद चार, चमियाला में अध्यक्ष पर दो और सभासद सात, लंबगांव में अध्यक्ष के एक, सभासद तीन और गजा में अध्यक्ष और सभासद के लिए चार-चार आवेदन पत्रों की बिक्री हुई।