गोपेश्वर/रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ धाम में बुधवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। केदारनाथ में बारिश के साथ दिनभर रुक-रुककर ओलावृष्टि होती रही। केदारपुरी की ऊपरी पहाड़ियों पर देर शाम तक हिमपात का सिलसिला जारी रहा। बारिश-बर्फबारी होने से दोनों धामों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
बदरीनाथ धाम में अपराह्न तीन बजे से शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक जारी रही। हेमकुंड साहिब, नीलकंठ, सतोपंथ, नीती घाटी के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। धाम में पहुंचे तीर्थयात्रियों ने भी बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि धाम में बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
केदारनाथ में बुधवार सुबह आसमान साफ था और गुनगुनी धूप खिली थी, लेकिन दोपहर साढ़े 12 बजे से धाम में अचानक काले बादल घिरते ही तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। करीब 15 मिनट बाद मौसम में कुछ सुधार हुआ, लेकिन फिर सवा एक बजे से पुन: रुक-रुककर मंदिर क्षेत्र से रुद्रा प्वाइंट तक बारिश और ओलावृष्टि का क्रम बना रहा। भैरवनाथ मंदिर, दुग्ध गंगा क्षेत्र सहित चोराबाड़ी ताल की ऊपरी पहाड़ियों में जमकर हिमपात हो रहा है। पुलिस चौकी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि ओलावृष्टि से शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया है।