ब्यूरो/अमर उजाला, कालसी
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू मनाली में चल रही रिवर राफ्टिंग नेशनल चैंपियनशिप में कालसी जामस्रोत निवासी कमाल हसन अली ने एक सिल्वर और कांस्य पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अली ने मध्य प्रदेश की टीम में खेलते हुए यह पदक हासिल किए हैं।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू मनाली स्थित व्यास नदी में 12-13 अक्तूबर के बीच नेशनल राफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें कमाल दो पदक जीतने में कामयाब रहे। वह वर्ष 2014 से राफ्टिंग खेल में सक्रिय हैं। उनके पिता मोहम्मद अली भी रिवर राफ्टिंग में इंटरनेशनल चैंपियन रह चुके हैं, उन्होंने वर्ष 2000 में जापान में हुई इंटनेशनल रिवर राफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीता था। ऐसे में अब बेटे को भी उसी राह में चलता देख मोहम्मद अली खासा खुश है। कमाल ने बताया कि अब उनका फोकस इंटरनेशनल रिवर रॉफ्टिंग पर रहेगा। बताया कि उनके पिता आईटीबीपी में सब इंस्पेक्टर हैं, जो वर्तमान में मध्य प्रदेश में तैनात है। वह वहां पर अर्द्ध सैनिक बलों को रॉफ्टिंग की ट्रेनिंग देते हैं। उन्हीं के नेतृत्व में उन्होंने रॉफ्टिंग के गुर सीखे हैं। इस कारण कमाल ने एमपी से ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का निर्णय लिया। कहा उत्तराखंड सरकार यदि उन्हें निमंत्रण दे तो वह राज्य की ओर से आगे आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे। स्थानीय निवासी इमाम अली, एडवोकेट क्षमा शर्मा आदि का कहना है कि कमाल ने प्रतियोगिता में सिल्वर और कांस्य पदक जीतकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।