पोखरी। पांच दिवसीय चंद्रशिला-नंदाकुंड खादी पर्यटन औद्योगिक किसान, विकास मेले का सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हो गया। मेले का शुभारंभ रानीखेत के विधायक करन माहरा ने किया। मेले में स्कूली छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना जय जय हे भगवती..., पीजी कॉलेज पोखरी के छात्र-छात्राओं ने मन की वीणा से हम आपका स्वागत करते हैं और शिवांगी इंटरनेशनल शिशु मंदिर की छात्राओं ने झुमेलो की शानदार प्रस्तुति दी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी की पहल पर पहली बार इस मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ करते हुए रानीखेत के विधायक करन माहरा ने कहा कि मेले हमारे संस्कृति का द्योतक हैं। वे राज्य और केंद्र सरकार पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि महंगाई से आम आदमी त्रस्त है। मेला आयोजक राजेंद्र भंडारी ने कहा कि मेला शुरू कराने का मुख्य उद्देश्य पोखरी क्षेत्र में औद्योगिक, सांस्कृतिक और पर्यटन का विकास कर आम लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से मेले का लुत्फ उठाने का आह्वान किया। इस मौके पर मेला कमेटी के संरक्षक सत्येंद्र नेगी, अध्यक्ष विजयपाल नेगी, ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, रैजा चौधरी, गजेंद्र नेगी, गोपाल पंवार, हुकम नेगी, मोहन सिंह, देवेंद्र प्रकाश, संतोष चौधरी, महिधर पंत, मधुसूदन चौधरी, कुंवर सिंह, जगदीश नेगी, गिरीश किमोठी आदि मौजूद थे। संचालन देवेंद्र बर्तवाल और ऋवण सती ने कियाघ्।