ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। लंबे समय से बिजली बिलों की अदायगी न करने पर ऊर्जा निगम ने पीडब्लूडी विभाग के निरीक्षण भवन का कनेक्शन काट दिया है। विभाग में बिजली न होने की सूरत में कामकाज ठप पड़ गया है। हरिद्वार रोड स्थित निरीक्षण भवन में पिछले मार्च के महीने से पानी का कनेक्शन कट चुका है। इसके बाद अब बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया है। जल संस्थान के अधिकारियों के मुताबिक पीडब्लूडी कार्यालय और निरीक्षण भवन पर कुल 5,41,004 लाख का जलकर बकाया है।
विभाग ने आरसी ( राजस्व संग्रह) का नोटिस जारी कर दिया है। पीडब्लूडी निरीक्षण भवन में फिलहाल बिजली और पानी दोनों ठप हैं। विभागीय सूत्रों की माने तो पानी सप्लाई कटने के बाद पीडब्लूडी निरीक्षण भवन में बोरिंग के माध्यम से पानी की आपूर्ति हो रही है। बिजली कनेक्शन कटने के बाद अब दोनों व्यवस्थाएं ठप हो चुकी हैं। इस संदर्भ में जब पीडब्ल्यूडी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर बी मिश्रा से जब बात करनी चाही तो उन्होंने सवाल सुनते ही कहा कि मैं इस समय छुट्टी पर हूं। इतना कहकर फोन काट दिया।
कोट्स
पीडब्लूडी निरीक्षण भवन पर 3,62,567 का जलकर बकाया है। विभागीय कार्यवाही के तहत तहसील के माध्यम से आरसी भेजी गई है। - एवीएस रावत- जलकल अभियंता
पीडब्लूडी निरीक्षण भवन पर एक लाख छह हजार का बकाया है। भुगतान नहीं होने के बाद विभागीय कार्यवाही करते हुए कनेक्शन काट दिया गया है। - राजीव कुमार एसडीओ, बिजली विभाग, ऋषिकेश उपखंड