ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। नगर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की योजना बनाने के लिए डोईवाला और भानियावाला के व्यापारियों ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ बैठक कर चर्चा की। व्यापारियों ने कहा कि डोईवाला को आदर्श रूप देने के लिए सरकार के साथ तालमेल बनाकर काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास पर देर शाम व्यापारियों के साथ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विचार विमर्श किया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि डोईवाला भानियावाला के सौंदर्यीकरण के लिए सरकार प्रयास कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर का पार्क बनाने की भी योजना सरकार की है। भानियावाला के व्यापारी राजन गोयल ने कहा कि राज्य सरकार की इन्वेस्टर्स समिट से स्थानीय व्यापारियों में भी उत्साह है। सरकार का प्रयास सराहनीय है। मंदीप बजाज ने नगर में पार्किंग के अभाव की ओर ध्यान आकर्षित किया। व्यापारी सुबोध जिंदल, ईश्वरचंद अग्रवाल, हरीश कोठारी, राजेंद्र वर्मा, नरेंद्र नेगी आदि ने भी नगर के विकास के लिए सुझाव दिए।
निकाय चुनाव को लेकर की चर्चा
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डोईवाला के भाजपा कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव को लेकर भी विचार विमर्श किया। भाजपा डोईवाला विधानसभा क्षेत्र प्रभारी नरेंद्र नेगी ने निकाय चुनाव के लिए तैयारियों को मजबूत और प्रभावी बनाने का कहा है। इस दौरान रामेश्वर प्रसाद लोधी, श्रवण प्रधान, राजेंद्र मनवाल, मंदीप बजाज, नितिन बड़थ्वाल, मनवर नेगी, नगीना रानी, गीता सावन, विजय शर्मा आदि कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।