ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। नगर निगम की ओर से तिलक रोड पर अतिक्रमण चिह्नित करने के दौरान व्यापारी भड़क गए। व्यापारियों ने अभियान पर सवाल उठाते हुए हंगामा कर दिया। इस बीच कई व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंच गए और नाली के पीछे दुकानों पर तीन से चार इंच निशान लगाने पर आपत्ति जाहिर की। हालांकि निगम प्रशासन के साथ हुई वार्ता में दोनों पक्षों के बीच नाली से अतिक्रमण हटाने पर सहमति बन गई।
नगर निगम के कर्मचारियों की टीम शुक्रवार को तिलक रोड पर पहुंची थी। टीम ने दुकानों पर करीब चार-चार इंच तक निशान लगाकर उसे तोड़ने के लिए कहा। निशान लगाते ही व्यापारियों को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने निगम कर्मचारियों के साथ बहस शुरू कर दी। इस दौरान भीड़ बढ़ते ही हंगामा शुरू हो गया। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष जयदत्त शर्मा व अन्य व्यापारियों ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारी से बातचीत की। इसके बाद व्यापारियों के एक प्रतिनिधि मंडल सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह से निगम कार्यालय में मिलने पहुंचा। वार्ता में तिलक रोड पर नाली के ऊपर से अतिक्रमण हटाने पर सहमति बनी। दुकानों के छज्जों को नगर निकाय की गाइडलाइन के अनुसार रखने पर भी बातचीत हुई।