ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। राजधानी देहरादून की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए लोक निर्माण विभाग मोथरोवाला-दूधली-देहरादून मार्ग विकसित करेगा। विभाग की ओर से डीपीआर तैयार कर ली गई है। सड़क निर्माण से यातायात बेहद सुगम जाएगा। मुख्यमंत्री की विधानसभा डोईवाला से होकर देहरादून शहर जाने वाले मोथरोवाला दूधली बाईपास मार्ग के दिन जल्द बहुंरने वाले है।
लोक निर्माण विभाग ऋषिकेश खंड के अंतर्गत आने वाले इस महत्वपूर्ण बाईपास मार्ग के लिए विभाग की ओर करीब 15 करोड़ व्यय करने की योजना है, जिसमें सड़क की चौड़ीकरण और वाहनों की आवाजाही फोर लेन की तरह करने की योजना है। डोईवाला नगर क्षेत्र से दूधली ग्राम सभा तक करीब 13 किमी लंबा बाईपास मार्ग है। सड़क पर आने वाले बिजली के पोल आदि एक लाइन में लगाए जाएंगे। सड़क पर पसरे अतिक्रमण को भी विभाग हटाऐगा। यदि सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से हुआ तो दून जाने के लिए आवाजाही अधिक सुगम हो जाएगी।
2005 में शुरू हुआ था बाईपास मार्ग
मोथरोवाला-दूधली बाईपास मार्ग को साल 2005 में शुरू किया गया था। दूधली के पूर्व ग्राम प्रधान स्व. सुमंत सिंह चौधरी ने दूधली से मोथरोवाला बाईपास के लिए सराहनीय प्रयास किया था। वन भूमि ट्रांसफर से लेकर कई विषयों को लेकर ज्वाइंट सर्वेक्षण भी हुआ। लंबे समय के बाद बाईपास मार्ग शुरू होने से डोईवाला समेत दर्जनों गांवों के लोगों को राजधानी पहुंचने में सुविधा मिलने लगी।
हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचने में लगेगा कम वक्त
डोईवाला। मोथरोवाला दूधली बाईपास मार्ग के सुव्यवस्थित निर्माण से जहां यातायात के दबाव से मुक्ति मिलेगी, वहीं, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले वाहन आसानी से निकलकर गंतव्य पर पहुंच सकेंगे। अभी बाईपास मार्ग कई स्थानों से संकरा होने से दिक्कतें उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों को भी रोड़ के व्यवस्थित होने का लाभ मिलेगा। दूधली के सामाजिक कार्यकर्ता अजय कुमार ने बताया कि मार्ग निर्माण से गांव के विकास भी तेजी से होगा।
कोट्स
मोथरोवाला-दूधली बाईपास के बेहतर और सुव्यवस्थित निर्माण के लिए संभावित 15 करोड़ लागत की डीपीआर तैयार की गई है, जिसे जल्द शासन में भेजा जाएगा। सड़क निर्माण के साथ फुटपाथ आदि बनाकर आदर्श मार्ग तैयार किया जाएगा।
- राजेश कुमार, अवर अभियंता, लोनिवि, ऋषिकेश खंड।