देवाल। ब्लाक के आपदा प्रभावित झलिया गांव के विस्थापन की कार्रवाई तहसील प्रशासन ने शुरू कर दी है। झलिया गांव के परिवार रजिस्टर के मुताबिक गांव के 36 परिवारों के विस्थापन के लिए सर्वे करने के लिए भू-वैज्ञानिकों को पत्र भेजा गया है।
जुलाई माह से पहाड़ी से हुए भूस्खलन से झलिया गांव के 12 परिवार प्रभावित हुए थे। इन्हें प्रशासन ने ग्वालदम के पास लाटातोली तोक में अस्थायी तौर पर विस्थापित किया था, लेकिन पहाड़ी से लगातार मलबा आने से ग्रामीण पूरे गांव को विस्थापित करने की मांग कर रहे हैं। ग्राम प्रधान भागचंद्र सिंह, पिंडारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष दर्शन दानू आदि ने कहा कि गांव के ऊपर पहाड़ी से हो रहे लगातार भूस्खलन से पूरा गांव खतरे की जद में है। तहसीलदार माणिकलाल भेंतवाल ने बताया कि पहले 12 परिवारों को विस्थापित की सूची में रखा गया था, लेकिन ग्रामीणों की मांग पर परिवार रजिस्टर के मुताबिक 36 परिवारों के विस्थापन की प्रक्रिया की जा रही है। इसके लिए भू-वैज्ञानिकों को सर्वे के लिए पत्र लिखा गया है। जल्द ही भू-वैज्ञानिक गांव का सर्वे करेंगे।