ब्यूरो/अमर उजाला/
चकराता। दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन के दौरान किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को चकराता बाजार में केंद्र सरकार का पुतला फूंका।
विधानसभा अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार खुद को किसानों का हितैषी बताती है, वहीं दूसरी ओर शांति पूर्वक प्रदर्शन कर रहे किसानों पर बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज कर उनका शोषण करती है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का रवैया तानाशाही वाला है। सरकार देश की आम जनता और किसानों की आवाज को दबाना चाहती है। जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 2019 के लोकसभा चुनाव में इन सब का बदला केंद्र सरकार से लिया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में कमल रावत, गोपाल तोमर, प्रवीण रावत, संजय तोमर, प्रदीप चौहान, दिनेश रावत, राहुल रावत, सिद्धार्थ चौहान आदि शामिल रहे।