श्रीनगर। भक्तियाना में एनआईटी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बेकाबू कार ने एनआईटी की दो छात्राओं व पॉलीटेक्निक के दो छात्रों को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। घटना में एनआईटी की दो छात्राओं पर गंभीर चोटें लगी हैं। दोनों में से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। छात्राओं को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
कोतवाली निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि बुधवार शाम को कीर्तिनगर से श्रीनगर की ओर आ रही कार ने एनआईटी के समीप चार छात्र-छात्राओं को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से एनआईटी में अध्ययनरत तृतीय वर्ष की छात्रा नीलम मीणा व नुपुर मुंडा को गहरी चोटें आई हैं। दोनों छात्राओं को बेस अस्पताल से देहरादून हायर सेंटर ले जाया गया है। जबकि पॉलीटेक्निक के छात्र गौरव कुमार व दीपक कुमार को हल्की चोटें आई हैं। उनका उपचार बेस अस्पताल में चल रहा है। बिष्ट ने बताया कि कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा।