आदिबदरी/कर्णप्रयाग। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज व्यापारियों और लोगों ने पुलिस चौपाल का बहिष्कार किया। कहा गया कि पुलिस की ओर से व्यवस्थाएं सुधारने में कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है।
पुलिस चौकी आदिबदरी की ओर से पीपलचट्टी बाजार में पुलिस चौपाल का आयोजन कर जन प्रतिनिधियों, व्यापारियों और लोगों को आमंत्रित किया गया था। व्यापार संघ अध्यक्ष विजय सिंह कुंवर, मनवीर रावत, जगबीर कुंवर, विनोद शाह, नरेश बरमोला आदि ने चौपाल का बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस नियमित रात्रि गश्त के दौरान बिजली के पोल को डंडों से बजाकर लोगों की नींद खराब कर रही है। चौकी में तैनात पुलिस कर्मियों की ओर से बार-बार बैरियर लगाकर वाहन चालकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस अपनी कार्यप्रणाली को सही नहीं करती पुलिस को कोई सहयोग नहीं दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों से पुलिस चौकी और बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। पुलिस चौकी प्रभारी आशुतोष शाह ने कहा कि चौपाल में आकर लोगों को अपने विचार रखने चाहिए थे। वहीं कर्णप्रयाग के जीआईसी सिमली में आयोजित चौपाल में थाना प्रभारी चित्रगुप्त ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और विधिक जानकारियां दीं। इस मौके पर एसआई पूजा मेहरा, प्रधानाचार्य एसएस कंडवाल, प्रवक्ता बीएन डिमरी, एसएन डिमरी और गजेंद्र पंवार आदि ने विचार रखे।