ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला। भारतीय सैन्य छावनी रायवाला के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय दक्षिण पश्चिम कमान एडवेंचर चैलेंज कप प्रतियोगिता में रणबांकुरा डिव ने चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। रविवार को तीन दिवसीय प्रतियोगिता में चीला बैराज से शुरू हुई माउंटेन साईकिलिंग व हिल रनिंग में जवानों ने जमकर पसीना बहाते हुये गंगा नदी के किनारे दुर्गम जंगली रास्तों से गुजरते हुए फुलचट्टी तक का चुनौतीपूूर्ण सफर पूरा किया। फुलचट्टी में आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रथम स्थान पर रही रणबांकुरा डिव ने एक घंटा 12 मिनट में और डाट डिव ने 1 घंटा 13 मिनट मेें मुकाबला जीत कर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा व्यक्तिगत पुरस्कार के विजेता 78 आर्म्ड रेजिमेंट के अभिषेक यादव ने 14 किमी माउंटेन साईकिलिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 51 मिडियम रेजिमेंट के जवान रूपेश कुमार ने 12 किमी हिल रनिंग प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ धावक का पुरस्कार प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि 14 सिख लाइट इंफेंट्री बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल विक्रम राणा ने ट्राफी देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने बताया कि इस तरह के आयोजन सेना की स्वस्थ छवि को प्रदर्शित करते हैं। प्रतियोगिता में कुल नौ छावनियों के 90 जवान एडवेंचर खेेलों का हिस्सा बने।