ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला/ऋषिकेश। लंबे समय से पेयजल किल्लत से जूझ रहे रायवाला के लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। विश्व बैंक पोषित पेयजल योजना के तहत क्षेत्र में 25.64 करोड़ रुपये की लागत से 44 किमी पेयजल लाइन बिछाने को एग्जीक्यूटिव फाइनेंशियल कमेटी से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद रायवाला, प्रतीतनगर और खांडगांव में चार नए टैंक का निर्माण, पांच नए ट्यूबवेल के अलावा 44 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाने का कार्य जल्द शुरू हो जाएगा।
रायवाला क्षेत्र के लिए प्रस्तावित और लंबे समय से लंबित पड़ी विश्व बैंक पोषित पेयजल योजना को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। इसके बाद विभाग ने योजना को धरातल पर उतारने के लिए विभिन्न ग्रामसभाओं से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जलसंस्थान डोईवाला के सहायक अभियंता अरुण कुमार सोनी ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार को योजना की डीपीआर को एक्जीक्यूटिव फाइनेेंशियल कमेटी द्वारा पास कर दिया गया, जिसके बाद विश्वबैंक पोषित योजना के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है।
बताया कि योजना के तहत प्रतीतनगर व खांडगांव क्षेत्र में एक-एक ओवरहैड टैंक और ट्यूबवेल का निर्माण किया जाना है, जबकि रायवाला गांव में तीन ट्यूबवेल और दो ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाना है। योजना के धरातल पर उतरने से क्षेत्र की आबादी को लंबे समय तक पेयजल जैसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सहायक अभियंता अरुण कुमार सोनी ने बताया कि पेयजल योजना की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करा ली जाएगी, इसके बाद योजना का क्रियान्वयन होगा।
मौजूदा समय में क्षेत्र में पानी की किल्लत
रायवाला क्षेत्र के प्रतीतनगर में एक ट्यूबवेल और दो ओवरहेड टैंक हैं, जिससे खांडगांव प्रथम, प्रतीतनगर और रायवाला गांव को पानी सप्लाई होता है। ट्यूबवेल में खराबी आने से लोगों को एक सप्ताह तक पानी की किल्लत से जूझना पड़ता है। आबादी अधिक होने के कारण ओवरहेड टैंकों का पानी जल्द खत्म हो जाता है। वहीं एक ट्यूबवेल खांडगांव में है, जिससे खांड़गांव प्रथम को पानी सप्लाई होता है।