गोपेश्वर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 18वीं जिला स्तरीय शरदकालीन विद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब गैरसैंण की टीम ने अपने नाम किया। गैरसैंण ने फाइनल मुकाबले में जोशीमठ की टीम को तीन विकेट से हराया। जीआईसी गोपेश्वर के प्रधानाचार्य भरत सिंह बिष्ट ने विजेता टीम को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
फाइनल मैच 15-15 ओवर का निर्धारित किया गया था। शनिवार को टॉस जीतकर जोशीमठ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। जोशीमठ की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के खिलाड़ी दस ओवर तक धीमी गति से खेलते रहे, लेकिन अंतिम के पांच ओवरों में टीम ने पांच विकेट खोकर 74 रन का स्कोर बनाया। जवाब में गैरसैंण की टीम ने 14.2 ओवर में ही लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन विकेट से मैच जीत लिया। मैच में अजीत नेगी और गिरीश गौड़ ने अंपायर की भूमिका निभाई। जिला खेल समन्वयक केसी पंत, गोपाल बिष्ट, पृथ्वी सिंह रावत, राकेश कुंवर, हरेंद्र कुंवर, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप भंडारी, संगीता कोहली, रेखा, लक्ष्मी नेगी, उषा ने टीम को राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।