गोपेश्वर। डीएम और सीडीओ ने पटियालधार और पपड़ियाणा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, जूनियर हाईस्कूल और प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यकर्ताओं और शिक्षकों को नियमित साफ-सफाई रखने और छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने को कहा।
डीएम स्वाति एस भदौरिया ने पटियालधार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के लिए भवन न होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को जिला योजना में आंगनबाड़ी का प्रस्ताव शामिल करने के निर्देश दिए। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र में भोजन सूची चस्पा करने, केंद्र में पढ़ रहे बच्चों को हिंदी व अंग्रेजी वर्णमाला का ज्ञान देने, खेल-खेल में बच्चों को जानकारी उपलब्ध कराने तथा फर्नीचर, चटाई व दरी की व्यवस्था के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने जूनियर हाईस्कूल पटियालधार और प्राथमिक विद्यालय पपड़ियाणा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से गणित, अंग्रेजी और विज्ञान विषय के सवाल पूछे, जिनका छात्रों ने सही उत्तर दिया। डीएम ने प्रार्थना सभा के दौरान प्रत्येक दिन नए-नए समाचारों की जानकारी बच्चों को देने को कहा। इस मौके पर शिक्षिका उर्मिला भट्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी शोएब हुसैन, राधिका लोहानी, गीता, कमला, अनीता और देवेश्वरी आदि मौजूद थे।