छात्रों को संवारना शिक्षकों का नैतिक दायित्व : पांडेय
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। समाज बदल रहा है, बदले परिवेश के साथ हम सबको बदलना होगा और बौद्धिक स्तर उठाने का प्रयास करना है। ऐसे में देश के भविष्य (छात्रों) को संवारना शिक्षकों का बड़ा नैतिक दायित्व है।
ये बातें शिक्षामंत्री पांडे ने शुक्रवार को ऑटोनामस कॉलेज में स्काउट गाइड की स्टेट काउंसिल मीट के दौरान कहीं। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के कैप्टन डॉ. सतेंद्र कुमार की पुस्तक ‘बिगनिंग थ्योरी ए न्यू पर्सपेक्टिव’ का विमोचन भी किया। इस दौरान शिक्षामंत्री ने भारत स्काउट एंड गाइड के रोवर व रेंजर लीडर द्वारा छात्र हित में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम की प्रशंसा की। डॉ. सतेंद्र की अब तक 40 किताबें और 100 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा चार अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। समारोह में भारत स्काउट एंड गाइड के प्रादेशिक सचिव रविंद्र मोहन काला, प्रादेशिक उपाध्यक्ष गौरा देवी, माध्यामिक शिक्षा निदेशक सीमा जौनसारी, रंजीता मिश्रा, ईश्वर भारद्वाज, डॉ. दलजीत कौर, नरेश शर्मा, विवेक शर्मा, विमला देवी आदि मौजूद रहे।