गौचर। 14 नवंबर से शुरू होने वाले औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले के सफल संचालन के लिए पालिका सभागार में बैठक हुई। बैठक में गठित समितियों के वर्तमान स्वरूप और पुनर्गठन के बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में मेलाध्यक्ष एसडीएम गोपालराम बिनवाल ने कहा कि इस बार मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन और मेला कमेटी आपसी समन्वय से हर संभव प्रयास करेगी। इस दौरान मेला कमेटी के अधीन गठित विभिन्न समितियों की समीक्षा बैठक में स्वागत, शांति व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार, खेलकूद, सफाई, यातायात आदि समितियों की रूपरेखा पर चर्चा के बाद जन प्रतिनिधियों ने सुझाव रखे। जन प्रतिनिधियों ने मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद में बेहतर टीमों को बुलाने का सुझाव दिया। व्यापारियों ने मेला समापन के बाद 22 नवबंर तक मेला मैदान की सभी अस्थायी दुकानें हटाने और मुख्य बाजार को भव्य रूप से सजाने की बात कही। इस मौके पर सीडीओ हंसा दत्त पांडेय, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी, जयकृत बिष्ट, महाराज सिंह लिंगवाल, धूमी लाल, अनिल नेगी, सुनील पंवार, गजेंद्र नयाल, विजय प्रसाद डिमरी, ज्योत्सना जोशी, सुरेशी देवी और रोशनी नेगी आदि ने विचार व्यक्त किए।