देवप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के छात्र संगठन पहाड़ी छात्र सेना ने समस्याओं का निराकरण न होने पर महाविद्यालय में सांकेतिक तालाबंदी की। संगठन ने उच्च शिक्षा मंत्री को दिए गए मांगपत्र पर कार्रवाई नहीं होने पर आक्रोश जताया।
शुक्रवार को पहाड़ी छात्र सेना और छात्र संघ के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय में सांकेतिक रुप से तालाबंदी कर रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह पूर्व महाविद्यालय की छह सूत्री मांगपत्र के संबंध में उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात की गई थी। इसमें छात्रावास निर्माण, प्रयोगशाला के लिए उपकरण व फर्नीचर उपलब्ध कराने, सैन्य सेवाओं में जाने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए एनसीसी प्रशिक्षण, पीजी स्तर पर राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र व संस्कृत विषय की स्वीकृति दिए जाने, अंग्रेजी, भूगोल व शिक्षा शास्त्र में प्रवक्ताओं की नियुक्ति करने और महाविद्यालय के विकास में बाधक बने एनएचपीसी की प्रस्तावित बांध परियोजना क्षेत्र से परिसर को बाहर करने की मांग की गयी थी, लेकिन मंत्री के आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि सरकार को चेताने के लिए सांकेतिक तालाबंदी की गई, लेकिन यदि एक सप्ताह में समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आमरण अनशन किया जाएगा। तालाबंदी करने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष बलवंत रावत, उपाध्यक्ष कुसुम राणा, सचिव राधा रावत, सह सचिव रश्मि, कोषाध्यक्ष नीरज पंचपुरी व विवि प्रतिनिधि संजय भट्ट आदि शामिल थे।