फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विरोध के बीच प्रशासन ने हटाया फुटपाथ से अतिक्रमण

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला
विज्ञापन

विकासनगर। प्रशासन, नेशनल हाईवे अथारिटी और पुलिस विभाग की ओर से दूसरे दिन भी फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहा। टीम को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। जैसे ही टीम फुटपाथ हटाने को सिनेमा गली के पास पहुंची तो कुछ व्यापारी विरोध में उतर आए। उन्होंने एनएच के सहायक अभियंता के साथ अभद्रता की, जिसके बाद कुछ व्यापारी फुटपाथ तोड़ने को लेकर आपस में ही भिड़ गए। विवाद के चलते एसडीएम जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत की, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे बढ़ाया गया।
बृहस्पतिवार को पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान डाक पत्थर चौराहे से आगे जीवनगढ़, बाड़वाला और आरामशीन तक हटाया गया। इस दौरान फुटपाथ पर दुकानदारों ने जो कब्जा किया हुआ था, वह सारा हटाया गया। अतिक्रमण हटाने और तोड़ने की कार्रवाई गीता भवन से शुरू हुई। उसके बाद पहाड़ी गली चौक, सिनेमा गली, अस्पताल रोड, अमर स्वीट्स शॉप, डाकपत्थर चौक तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान कई दुकानदार हाथ जोड़कर अतिक्रमण नहीं हटाने की दुहाई मांगते दिखे।
विज्ञापन

भीड़ हुई तो पुलिस ने खदेड़ा
अभियान के दौरान एक बार फिर दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिससे जगह-जगह काम में रुकावट आई। ऐसे में पुलिस को लाठी दिखाकर लोगों को खदेड़ना पड़ा। वहीं लोगों ने अपनी दुकानों के आगे मोटरसाइकिल लगा दिए, ताकि जेसीबी अतिक्रमण तोड़ न सके। ऐसे में पुलिस के सहयोग से वाहनों को जेसीबी में डालकर आगे छोड़ा गया और फिर रास्ता साफ करके अतिक्रमण तोड़ा दिया।
व्यापारियों ने कहा वह सहयोग देने को तैयार
अतिक्रमण अभियान को लेकर व्यापारियों की एक बैठक सनातन धर्म मंदिर में हुई। व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन से अपील की कि व्यापारी पूर्ण रुप से सहयोग के लिए तैयार हैं, लेकिन किसी के कहने पर यदि कार्रवाई हुई तो व्यापारी इसका विरोध करेंगे। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि कोई भी व्यापार मंडल का पदाधिकारी या कोई और अन्य व्यापारी प्रशासन की टीम के साथ नहीं घूमेगा। वहां उन्होंने यह भी कहा कि किसी के इशारे पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। प्रतिनिधिमंडल में व्यापारी जिला अध्यक्ष संजय किशोर, संजय गुप्ता, प्रशांत शर्मा, गिरीश सप्पल, कितेश जयसवाल, मुकेश वर्मा, मनोज अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, सोमेंद्र टंडन, नवीन गुप्ता आदि मौजूद रहे।
कार्रवाई पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
विकासनगर में अवैध होर्डिंग और अतिक्रमण पर चल रही प्रशासन की कार्यवाही पर कांग्रेस ने सवाल खड़े किये हैं। कांग्रेस ने कार्यवाही के दौरान प्रशासन पर कुछ सत्ता पक्ष के लोगों के इशारे पर पक्षपात करने के आरोप लगाये हैं। जिसके चलते बुधवार शाम को बाजार में विवाद भी खड़ा हो गया था। बृहस्पतिवार को कार्यवाही के दौरान कांग्रेसियों का एक दल एसडीएम मिला और प्रशासन से कार्यवाही में पक्षपात ना करने का आग्रह किया। वहीं एसडीएम ने बताया की निष्पक्ष कार्यवाही चल रही है। बुधवार शाम को व्यापारियों में आपसी विवाद हो गया था, लेकिन अब सबके सहयोग से कार्यवाही चल रही है।
एसोसिएशन ने कार्रवाई पर जताया संतोष
ह्यूमन राइट्स एंड आरटीआई एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा व महासचिव भास्कर चुग ने क्षेत्र में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एनएच पीडब्ल्यूडी ने सभी यूनिपोल व होर्डिंग ध्वस्त करके यह साबित कर दिया है कि स्वागत द्वारों की निविदा जो नगर पालिका विकासनगर ने की थी, वह नियम विरुद्ध थी। उन्होंने नगर पालिका को चेतावनी दी है कि यदि होर्डिंग यूनिपोल दोबारा लगाए गए तो एसोसिएशन हाईकोर्ट के समक्ष अवमानना की शिकायत दर्ज करने के लिए बाध्य होगी।
विज्ञापन

आज बाढ़वाला से कालसी तक होगी कार्रवाई
एनएच के सहायक अभियंता मनोज रावत ने बताया कि शुक्रवार को बाढ़वाला से आगे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण हटाने में व्यापारियों का पूरा सहयोग मिल रहा है। बृहस्पतिवार को कार्रवाई के दौरान एसडीएम जितेंद्र कुमार, नगर पालिका का स्टाफ, हरर्बटपुर नगर पालिका स्टाफ, सीओ, कोतवाल, पुलिस चौकी इंचार्ज और अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें