पीपलकोटी। स्वच्छ, साफ हो हमरु नगर, बीमारी रे कोसों दूर जैसे जनगीतों के साथ नगर पंचायत, व्यापार संघ और जनप्रतिनिधियों ने पीपलकोटी बाजार में सफाई अभियान चलाया। स्वच्छता कार्यक्रम में बदरीनाथ हाईवे के किनारे नालियों की साफ-सफाई भी की गई।
नगर पंचायत नंदप्रयाग की ओर से उदय पैलेस से लेकर नगर पंचायत कार्यालय तथा पीपलकोटी बाजार, पुराना बाजार में भी सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान हुई स्वच्छता गोष्ठी में जिला पंचायत सदस्य बाटुला वार्ड देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि स्वच्छता से स्वस्थ मन और स्वस्थ विचारों का सृजन होता है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी टंकार कौशल ने कहा कि पीपलकोटी में नगर पंचायत का नव सृजन हुआ है। नगर की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 27 से 29 सितंबर तक नगर पंचायत के अगथला, गडोरा और मायापुर क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर जिला सहकारी समिति के अध्यक्ष अतुल शाह, व्यापार संघ अध्यक्ष मोहन राणा, पूर्व प्रधान महावीर राणा, रुप सिंह गुसांई, हरीश नेगी, महेंद्र, रमेश हटवाल, रोहित, अजय, राहुल, अरविंद, शुभम, रामपाल और रघुवीर आदि मौजूद थे।
एनसीसी कैडेटों ने निकाली जनजागरुकता रैली
नौगांव। स्वच्छता पखवाड़े के तहत राइंका नौगांव के एनसीसी कैडेटों ने नगर में जनजागरुकता रैली निकाली। स्वयंसेवियों ने बैनर व पोस्टर के माध्यम से कूड़े के दुष्प्रभावों एवं स्वच्छता के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नगर में सफाई अभियान चलाकर जैविक-अजैविक कूड़े को एकत्र कर निस्तारित किया। एनसीसी प्रभारी प्रमोद रावत ने सभी छात्र-छात्राओं से निरंतर प्रयासरत रहकर स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने की अपील की। इस मौके पर एनसीसी कैडेट शशि, स्नेहा, ईशा, राजकुमार, साहिल, रजत, रोहित, सूरज आदि शामिल रहे।