श्रीनगर। गढ़वाल विवि एलटीसी घोटाला आरोपियों को 30 सितंबर तक जांच अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखना होगा। जांच अधिकारी एसओ सतपुली ने विवि प्रशासन को पत्र लिख इस संबंध में सूचित किया है। विवि प्रशासन ने सभी आरोपियों को पत्र जारी कर जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत होने को कहा है। घोटाले में जल्द कार्रवाई के लिए डीआईजी ने जिला पुलिस को निर्देशित किया है।
वर्ष 2016 में गढ़वाल विवि के ही कर्मचारी संतोष ममगांई ने एलटीसी घोटाले के आरोप में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें विवि के 100 से अधिक शिक्षक व कर्मचारियों पर फर्जीवाड़े में शामिल होने का आरोप था। उक्त मामले की जांच एसएसपी पौड़ी ने कोतवाली श्रीनगर के तत्कालीन एसएसआई जितेंद्र चौहान को सौंपी थी। चौहान वर्तमान में एसओ सतपुली के पद पर तैनात हैं। चौहान ने बताया कि पुलिस जांच में करीब 55 लोगों पर आरोप तय कर दिए गए हैं। इन सभी आरोपियों को 30 सितंबर तक अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। बताया कि इस संबंध में विवि प्रशासन को पत्र के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। एलटीसी मामले में जल्द कार्रवाई के लिए डीआईजी ने जिला पुलिस को निर्देशित किया है। दूसरी ओर एलटीसी घोटाले के सभी आरोपियों ने क्यूपिड होलीडेज एजेंसी से टिकट लिए है। जांच अधिकारी चौहान ने बताया कि उक्त एजेंसी की तलाश की जा रही है। उक्त एजेंसी भी मामले में सह आरोपी है।