गोपेश्वर। जिला सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। सीडीओ हंसादत्त पांडे ने कहा कि सबकी योजना-सबका विकास के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले की सभी 606 ग्राम पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का पता लगाने के लिए जल्द सर्वे किया जा रहा है।
सीडीओ ने कहा कि मिशन अंत्योदय एप के जरिए हो रहे इस सर्वे में गांवों में स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, आजीविका के साधन, कृषि, रोजगार की उपलब्धता, विद्यालयों, चिकित्सालयों और पंचायत भवन की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा। दो अक्तूबर से 31 दिसंबर तक सभी ग्राम पंचायतों में दो-दो बैठकों का आयोजन कर सुविधाओं की पूर्ति के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अपने विभाग के पास उपलब्ध रिसोर्स एवं संसाधनों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं का खाका तैयार करने को कहा। उन्होंने विकास कार्ययोजनाओं को गांव की खुली बैठक में अनुमोदन करने के निर्देश भी दिए। जिला पंचायती राज अधिकारी बीएस दुग्ताल ने कहा कि दो अक्तूबर से 31 दिसंबर तक सभी ग्राम पंचायतों में बैठकों का आयोजन कर रेखीय विभागों के साथ योजनाओं के विकास पर चर्चा की जाएगी।