ब्यूरो/अमर उजाला
त्यूनी। तहसील क्षेत्र के चौसाल गांव में गुलदार ने हमला कर घोड़े को मार डाला। गुलदार के हमले से पशुपालकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की है।
बीते शनिवार को चौसाल गांव निवासी सुंदर सिंह राणा अपने घोड़े को चराने के लिए जंगल गए हुए थे। लेकिन देर शाम तक उनका घोड़ा घर वापस नहीं लौटा। रविवार की सुबह जब वह घोड़े की तलाश में जंगल पहुंचे तो घोड़े का शव देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की जानकारी ग्रामीणों के साथ ही वन विभाग को दी। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई दिन से गुलदार गांव के आसपास नजर आ रहा है। खत बावर के कथियान, भटाड़ और फनार गांव के आसपास भी गुलदार को देखा जा चुका है। गुलदार के भय से शाम ढलते ही लोगों ने घरों से बाहर निकलना तक छोड़ दिया है। लोगों को पशु चराने के लिए भी झुंड में जाना पड़ रहा है। रेंजाधिकारी सोनिया ने बताया कि गश्त बढ़ा गई है। मुआवजा के लिए रिपोर्ट तैयार कर डीएफओ को भेजी जा रही है।