देवाल। घेस ग्राम पंचायत के कोलंग्री गांव में बिजली लाइन परीक्षण का काम पूरा हुआ। प्राथमिक स्कूल के पास लगा ट्रांसफार्मर में बिजली के बल्ब जलने पर लोग खुशी से झूम उठे। अधिकारियों का कहना है कि 10 दिन में एलटी लाइन बनकर कोलंग्री गांव में बिजली के कनेक्शन दे दिया जाएगा।
घेस क्षेत्र के घेस, हिमनी, बलाड़ व पिनाउं में बिजली नहीं है। दीन दयाल ग्राम ज्योति योजना के तहत घेस क्षेत्र में बिजली की लाइन बनाई जा रही है। ऊर्जा निगम की ओर से कुनार बैंड से घेस ग्राम पंचायत के कोलंग्री तक 11 केवी की लाइन बना दी गई है। यहां प्राथमिक स्कूल के पास कोलंग्री गांव में विद्युत कनेक्शन के लिए ट्रांसफार्मर भी लगा दिया गया है। गांव के लिए एलटी लाइन तैयार होने के बाद बिजली के कनेक्शन दे दिया जाएगा। शनिवार शाम को ऊर्जा निगम के लाइनमैन हरीश मिश्रा और कोलंग्री के ग्रामीणों की उपस्थिति में लाइन टेस्टिंग की गई। प्रधान नरेंद्र सिंह व सरपंच कुंदन भंडारी ने बताया कि गांव के लोग बिजली के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे। ग्रामीणों के संघर्ष के कारण घेस गांव में शीघ्र बिजली पहुंचने जा रही है। अवर अभियंता प्रकाश गैरोला ने बताया कि कुनार बैंड से कोलंग्री गांव तक 15 किमी की 11 केवी की लाइन बनकर तैयार हो गई है। कोलंग्री में एलटी लाइन बनाने का काम चल रहा है। 10 दिन में एलटी की लाइन बनाकर लोगों को कनेक्शन दिया जाएगा। बताया कि कोलंग्री से घेस के लिए करीब चार किमी की लाइन बननी है। 11 केवी लाइन का काम चल रहा है।