ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। ऑल वेदर रोड के श्यामपुर से तपोवन तक 11 किलोमीटर बाईपास मार्ग के निर्माण का कार्य अब एनएच डोईवाला डिवीजन को सौंपा गया है। कार्य में हो रही देरी के कारण केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने यह कदम उठाया है। इससे पहले यह प्रोजेक्ट कार्यदायी एजेंसी प्रोजेक्ट इंपलिटेशन यूनिट (पीआईयू) के पास था। चारधाम यात्रा के लिए प्रस्तावित ऑल वेदर रोड के 11 किलोमीटर के बाईपास मार्ग का प्रोजेक्ट 280 करोड़ रुपये का है। मार्ग पर श्यामपुर के भल्लाफार्म और ढालवाला में फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं, इसकी कुल चौड़ाई करीब 17 मीटर है। जबकि फ्लाईओवर और पहाड़ी क्षेत्र में राजमार्ग को लगभग 12 मीटर चौड़ा रखा गया है।
अभी तक राजमार्ग के भूमि अधिग्रहण से लेकर निर्माण तक का जिम्मा पीआईयू संभाल रही थी, जोकि मंत्रालय से ही जुड़ी इकाई है, लेकिन प्रोजेक्ट को लेकर यूनिट की धीमी चाल के चलते अब इसका काम नेशनल हाईवे की डोईवाला डिवीजन को सौंप दिया गया है। विभागीय अधिकारी केंद्र सरकार की ओर से प्रोजेक्ट की वित्तीय स्वीकृति मिलने का इंतजार कर रहे हैं। बजट मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की बात अधिकारियों ने कही है। फिलहाल निर्माण से पहले भूमि अधिग्रहण की जद में आने वाले निजी भवन स्वामियों को मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया जारी है।
कोट्स
केंद्र सरकार की ओर से ऑल वेदर रोड के बाईपास प्रोजेक्ट का काम डिवीजन को दे दिया गया है। इसके लिए सभी कागजी कार्यवाही को पूरा कर लिया गया है। प्रोजेक्ट पर खर्च होने वाली धनराशि लगभग 280 करोड़ रुपये है, जिसे अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। स्वीकृति मिलने के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा।
- प्रवीण सक्सेना, सहायक अभियंता, एनएच डोईवाला।