कर्णप्रयाग। 132 केवी की लाइन पर फॉल्ट आने से नौटी क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों में 24 घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
नौटी के सुभाष रावत, अरुण मैठाणी, पवन रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजया चौधरी, हरेंद्र चौधरी आदि का कहना है कि नौटी क्षेत्र के पुडियाणी, झुरकुुंडे, नैणी, तोली, धानई, छांतोली, नंदासैंण, कनोठ सहित 20 से अधिक गांवों में बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे से बिजली गुल हुई थी। ग्रामीणों के पास न मिट्टी का तेल था और न अन्य व्यवस्थाएं। जंगली जानवरों का भय भी बना रहा। शुक्रवार शाम को 24 घंटे बाद बिजली बहाल कर दी गई। दूसरी ओर कर्णप्रयाग नगर के सेमीग्वाड़ में भी बिजली गुल रही। सूरज कुमार, पंकज कुमार आदि ने कहा कि हल्की बारिश और आंधी होने पर बिजली गुल हो जा रही है। दूूसरी ओर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता डीएस चौधरी का कहना है कि नौटी क्षेत्र के लिए बिजली आपूर्ति करने वाली 132 केवी बिजली लाइन पर फॉल्ट आने से समस्या आई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है।