गोपेश्वर। स्वर्गीय बूंदीलाल शाह मेमोरियल कॉस्को क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार से आयोजन हुआ। गोपीनाथ खेल मैदान में नगर पालिका की पूर्व सभासद पुष्पा पासवान ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। उद्घाटन मैच में आदर्श विद्या मंदिर की टीम ने पबजी इलेवन की टीम को 11 रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। टूर्नामेंट में 17 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
रुद्रेश क्लब के अध्यक्ष लोकेंद्र रावत के दिशा निर्देशन में आयोजित टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच पबजी इलेवन और आदर्श विद्या मंदिर की टीमों के बीच खेला गया। पबजी की टीम ने टॉस जीतकर आदर्श विद्या मंदिर को पहले बैटिंग के लिए आमंत्रित किया। निर्धारित 15 ओवर में विद्या मंदिर की टीम ने 92 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पबजी की टीम का प्रदर्शन खराब रहा और टीम 81 रनों पर ऑलऑउट हो गई। आदर्श विद्या मंदिर की टीम ने 11 रनों से जीत दर्ज की। इस मौके पर भाजपा की राज्य कमेटी सदस्य चंद्रकला तिवारी, मीडिया प्रभारी अनीता डिमरी, चंद्रकला खंडूड़ी, सुधा बिष्ट, आयोजक दिनेश शाह, राकेश गोदियाल, आशीष कुमार, संजय आर्य, राहुल कुमार और महेंद्र आदि मौजूद थे।