गोपेश्वर। घाट ब्लाक के राजकीय इंटर कॉलेज पगना में प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग के लिए ग्रामीणों ने नगर में जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। डीएम के जिले से बाहर रहने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। यहां हुई सभा में पगना गांव के ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती नहीं हो पाई है।
ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह, ग्राम विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह राणा, अभिभावक समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, वन सरपंच गोविंद सिंह और गब्बर सिंह फरस्वाण ने कहा कि जीआईसी पगना में 200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। लंबे समय से विद्यालय में प्रधानाचार्य के साथ ही प्रवक्ता, एलटी शिक्षक, लिपिक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद रिक्त चल रहे हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अभी भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। धरने पर बैठने वालों में सुरेंद्र लाल, अर्जुन सिंह, राजेसिंह, रमेश चंद्र, गब्बर सिंह फस्वाण, रणजीत सिंह, त्रिभुवन सिंह, कमल सिंह, पंचम सिंह, नंदी राम, लखमा देवी, दिनेश, हरमा देवी और मथुरा देवी आदि शामिल हैं।