ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। बद्री केदार सहयोग समिति हर्रावाला की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 68वें जन्मदिन के मौके पर परिचर्चा और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भारी संख्या में शामिल हुए लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2019 में भी सरकार बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत और मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि विशेष कार्याधिकारी धीरेंद्र सिंह पंवार ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
परिचर्चा में भाजपा राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जनता ने विकास को महसूस किया है। जनहित की योजनाओं को बेहतर क्रियान्वयन कर आम आदमी के विकास को गति देने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है। सीएम के विशेष कार्याधिकारी धीरेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चार सालों के विकास से जनता संतुष्ट है। राज्य और केंद्र सरकार के तालमेल से उत्तराखंड समग्र विकास की ओर जा रहा है। परिचर्चा में पूर्व दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, बृजमोहन गैरोला, देहरादून प्रेस क्लब अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, सांसद प्रतिनिधि संजय सिंह चौहान आदि ने भी विचार रखे।
समिति अध्यक्ष राजपाल रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े प्रसंग सुनाए। समिति की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान लोकगायक गजेंद्र राणा ने भी प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में अशोकराज पंवार, संजय ठाकुर, नरेंद्र बिष्ट, बबीता रावत, कपिल खंडूरी, लक्ष्मी नेगी, अनूप चौहान, प्रवीण नेगी, जगदीश रावत, कमला बगवाड़ी, गिरीश जोशी, भरत सिंह, वीरेंद्र गुसांई, दरबान सिंह कोटवाल, पूरण सिंह नेगी और नवीन पोखरियाल आदि मौजूद थे।