ब्यूरो/अमर उजाला, कालसी
उत्तराखंड पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) मंगलवार को हरिपुर कालसी स्थित सब स्टेशन में मेंटीनेंस काम कराने जा रहा है। ऐसे में सब स्टेशन से जुड़े दो दर्जन से भी अधिक गांवों में मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। मालूम हो कि सब स्टेशन से हरिपुर काली, कालसी, व्यास नहरी, व्यास भूड़, जंगलात कॉलोनी, डेयरी फॉर्म कॉलोनी, पुरानी कालसी, कालसी बाजार समेत कई इलाकों की बिजली आपूर्ति जुड़ी हुई है। ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को बिजली आपूर्ति बाधित होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। यूपीसीएल के अवर अभियंता केशव सिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार को सब स्टेशन में टेस्टिंग का जरूरी काम किया जाना है। ऐसे में सुबह नौ बजे से छह बजे तक इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की गई है। बताया कि टेस्टिंग का काम पूरा होने के बाद क्षेत्र में आए दिन ठप होने वाली बिजली आपूर्ति पर काफी हद तक लगाम लग सकेगी।