कर्णप्रयाग। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश परीक्षा देने से वंचित रहे युवाओं के लिए संस्थानों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सुनहरा मौका है। प्रवेश परीक्षा के बाद दो बार ऑन लाइन और एक बार ऑफलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया होने के बावजूद रैंकिंग वाले आवेदक नहीं मिलने के चलते संस्थानों में अब दोबारा प्रवेश के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने की अंतिम तिथि 18 सितंबर रखी गई है।
एनसीवीटी (नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग) के तहत जिले की नाराणबगड़ में इलेक्ट्रानिक्स, नंदासैंण में वेल्डर, पोखरी में फीटर और इलैक्ट्रीशियन की स्वीकृति मिली है, लेकिन दो बार ऑनलाइन काउंसिलिंग और एक बार ऑफ लाइन काउंसिलिंग के बाद भी कोर्सों में सीटें पूरी नहीं हो पाई है। आईटीआई कर्णप्रयाग के प्रभारी प्रधानाचार्य यूसी पुरोहित ने बताया कि निदेशालय के आदेश पर आईटीआई के विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों को भरने के लिए प्रवेश प्रक्रिया की जा रही है, जिसके तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 सितंबर, मेरिट सूची का प्रकाशन 19 सितंबर, संस्थान में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 19 से 21 सितंबर और प्रतीक्षा सूची से प्रवेश 23 सितंबर तक लिए जा सकते हैं।