पोखरी। क्षेत्र पंचायत पोखरी की बैठक में जिलास्तरीय अधिकारियों के न पहुंचने से नाराज पंचायत प्रतिनिधियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। ग्राम प्रधानों ने कहा कि अधिकारियों के न पहुंचने से बीडीसी बैठक खानापूर्ति साबित हो रही है। मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे ने कहा कि अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
ब्लाक सभागार में प्रमुख विनीता देवी की अध्यक्षता में नागपुर पोखरी की बैठक शुरू हुई। मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे भी नियत समय पर पहुंच गए थे, लेकिन कोई भी जिला स्तरीय अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हुआ। इससे नाराज पंचायत प्रतिनिधियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और सभागार से बाहर आ गए। ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी ने भी अधिकारियों के बैठक में न आने पर नाराजगी जताई। ज्येष्ठ प्रमुख वीरेंद्र बर्तवाल और कनिष्ठ प्रमुख गोपाल पंवार ने कहा कि पिछली कई बैठकों में दिए गए प्रस्तावों पर आज तक भी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। इस मौके पर बीडीओ मदन सिंह, तहसीलदार आरके सुयाल, सहायक विकास अधिकारी पिंकी आदि मौजूद थे।