कर्णप्रयाग। चमोली जिले में सरकार की ओर से किराए पर संचालित आईटीआई का किराया विभाग चार साल बाद भी नहीं दे पा रहा है। इससे मकान मालिकों में नाराजगी है। मकान मालिकों का कहना है कि आईटीआई खोलने के समय विभाग ने एग्रीमेंट तो बनाए, लेकिन अब तक किराया नहीं दिया है। कई बार शिकायत करने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिल रहा है। नंदासैंण में मकान मालिक ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
वर्ष 2014 में चमोली जिले के नंदासैंण, सोनला-बछेर और मंडल में तत्कालीन सरकार की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोले गए। भवन नहीं होने के कारण यहां किराए पर मकान लिए गए लेकिन तब से अभी तक विभाग ने भवनों का किराया मकान मालिकों को नहीं दिया है। नंदासैंण की कस्तूरा देवी ने कहा कि आईटीआई खोलते समय विभाग ने करीब पांच हजार रुपये प्रति माह किराए देने की बात कही थी। यदि विभाग की ओर से किराया नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। दूसरी ओर नंदासैंण के प्रभारी प्रधानाचार्य देवेंद्र नेगी और नोडल आईटीआई कर्णप्रयाग के प्रभारी प्रधानाचार्य यूसी पुरोहित ने बताया कि सभी किराए पर संचालित आईटीआई का किराया स्वीकृति के लिए निदेशालय भेजा गया है, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिली। स्वीकृति मिलने के बाद किराया दे दिया जाएगा।