फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इधर, सुसवा नदी उफान पर, घरों में घुसा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। बृहस्पतिवार शाम को हुई तेज बारिश से सुसवा नदी उफान पर आ गई। तेज बहाव ने डोईवाला क्षेत्र में जमकर नुकसान पहुंचाया। दूधली में मकान बहने से लेकर बुल्लावाला में कई बीघा गन्ने की फसल बह गई। घंटो जारी बारिश से डोईवाला के ग्रामीण क्षेत्र दूधली, बडकली, मारखमग्रांट के बुल्लावाला झबरावाला आदि कई गांवों में जमकर कहर बरपाया। दूधली ग्राम पंचायत के बरसाती खालों से पानी गांवों में प्रवेश करने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

स्थानीय निवासी और भाजपा डोईवाला मंडल अध्यक्ष श्रवण प्रधान ने बताया कि अधिक बारिश से बडकली चिस्सोपानी निवासी सागर के मकान के दो कमरे बह गए और पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया। टेक बहादुर के घर के आंगन में पानी के तेज बहाव ने दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, मारखम ग्रांट के बुल्लावाला झबरावाला गांव में राजाजी राष्ट्रीय पार्क के बरसाती खालों से जंगल का पानी आबादी में घुस आने से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। यह गांव पार्क की कांसरों और रामगढ़ रेंज के समीप है।
बरसाली खालों से पानी आने से बुल्लावाला में दलित बस्ती, कांबोज मोहल्ला, मुस्लिम बस्ती के कई घरों में पानी घुस गया। पानी आने से मलबा और कीचड़ भी घरों में आ गया, जिससे घरेेलू समान क्षतिग्रस्त हुआ। किसान जसवंत सिंह, अजय शर्मा, ओमप्रकाश, विमल शर्मा, मदन लाल, लोकेश कुमार, चंद्र किशोर, सोहन लाल, संजय, रामनाथ, महेंद्र सिंह, राजकुमार, मंगल सिंह, गोपाल, राजू आदि सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। प्राथमिक विद्यालय बुल्लावाला की चारदीवारी भी पानी के तेज बहाव से गिर गई।
विज्ञापन

झबरावाला गांव में गुर्जर बस्ती, गढ़वाली बस्ती के तमाम घरों में पानी घुस आया। जंगल से आए पानी ने दोनों गांवों में गन्ना, धान और चारे की फसल को भी चौपट कर दिया है। करीब सौ बीघा फसल क्षतिग्रस्त होने का अनुमान लगाया जा रहा है। माधोवाला गांव का भी संपर्क क्षतिग्रस्त हुआ है। शुक्रवार को विभागीय टीम ने गांव के क्षतिग्रस्त मार्गो को दुरूस्त करने के लिए काम शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री के ओएसडी ने किया मुआयना
डोईवाला। देर रात मूसलाधार बारिश से दूधली, मारखम ग्रांट बुल्लावाला, झबरावाला आदि कई गांवों में नुकसान होने पर शुक्रवार की सुबह दस बजे मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी धीरेंद्र सिंह पंवार ने प्रभावित क्षेत्रों को दौरा किया। उनके साथ लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, आपदा प्रबंधन की टीम के अलावा तहसील डोईवाला के लोग रहे। ओएसडी पंवार ने विभागीय अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में हर स्तर पर मदद देने के लिए निर्देशित करते हुए संपर्क मार्गों को तत्काल दुरुस्त करने, मलबा हटाने आदि के लिए निर्देशित किया। बताया कि पीड़ित लोगों को उचित मुआवजा देने की व्यवस्था की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें