देवाल। हाईकोर्ट की ओर से बुग्यालों में पर्यटकों के रात्रि प्रवास पर लगी रोक के तहत अन्य स्थानों पर प्रवास के विकल्प को लेकर वन विभाग, ट्रैकिंग कंपनियों और स्थानीय लोगों की संयुक्त बैठक हुई।
वन विश्राम गृह देवाल में हुई बैठक में ट्रैकिंग व्यवसाय से जुड़े इंद्र सिंह राणा, भुवन बिष्ट, कृष्णा बिष्ट ने कहा कि बुग्यालों में रात्रि प्रवास पर लगी रोक के चलते एक सितंबर से रूपकुंड, वेदनी, आली, बगजी, ब्रह्मताल आदि पर्यटक स्थलों में एक भी टूरिस्ट के नहीं आने से व्यवसाय प्रभावित हो गया है। डीएफओ एनएन पांडे ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों के तहत बुग्यालों की सुरक्षा के लिए पर्यटन स्थल वेदनी और आली बुग्यालों में आवाजाही के लिए दो रूट बनाए जा रहे हैं। इस दौरान रूपकुंड और अन्य बुग्यालों के लिए वैकल्पिक रूट की खोज करने के लिए तीन समितियों का गठन कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। बैठक में रेंजर टीएस बिष्ट, वन दरोगा त्रिलोक सिंह बिष्ट,, गब्बर सिंह, बलबीर सिंह, राजू शाह, नरेंद्र सिंह, धन सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए।