ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। नियमों को ताक पर रखकर रायवाला स्थित वैदिकनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे शिफ्ट हुए देसी शराब के ठेके को बुधवार को हटा दिया गया है। दुकान को उसकी पुरानी जगह पर शिफ्ट कर दिया गया। आबकारी विभाग के अधिकारी अनुज्ञापी की ओर से अनुमति मांगने पर शिफ्टिंग के आदेश की बात कह रहे हैं, जबकि शिफ्टिंग को लेकर महकमे की कार्यप्रणाली लगातार सवालों के घेरे में थी। इसके साथ ही महिलाएं भी शराब की दुकान के विरोध में उतर आई थीं।
रायवाला में हाल ही में आबकारी विभाग ने देसी शराब की दुकान को वैदिकनगर में नेशनल हाईवे के किनारे शिफ्ट कर दिया था। ठेके की शिफ्टिंग में नियमों की अनदेखी पर अमर उजाला ने सवाल उठाए थे। शराब की दुकान आबादी क्षेत्र और हाईवे के किनारे खुलने के बाद स्थानीय महिलाएं भी इसके विरोध में सड़कों पर उतर आई थीं। बीते मंगलवार को महिलाओं ने लाठी डंडों के साथ शराब की दुकान के साथ पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने दुकान से शराब नहीं बिकने दी।
मामला बढ़ने पर अनुज्ञापी ने शराब की दुकान को पुराने स्थान पर संचालित करने के लिए विभाग से अनुमति मांगी, जिस पर आबकारी विभाग ने जिलाधिकारी के माध्यम से दुकान को उसकी पुरानी जगह पर ही शिफ्ट करने की अनुमति जारी करा दी। बुधवार को अनुज्ञापी ने दुकान को शिफ्ट कर दिया, जिसके बाद मुर्गीफार्म क्षेत्र में भी महिलाएं ठेके के विरोध में सामने आ गई हैं। हालांकि, उनकी एक नहीं चली और दुकान को उक्त स्थान पर शिफ्ट कर शराब की बिक्री शुरू कर दी गई।
कोट्स
अनुज्ञापी की ओर से शराब ठेके की शिफ्टिंग की अनुमति मांगी गई थी, जिस पर विभाग ने स्वीकृति प्रदान की। इस बाबत डीएम को भी रिपोर्ट प्रेषित की गई थी। अनुज्ञापी ने उक्त स्थान पर शिफ्टिंग के लिए क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता आदि कई कारण बताए हैं।
- भरत प्रसाद, आबकारी निरीक्षक, ऋषिकेश।